भीमराव आंबेडकर बालिका विद्यालय में चोरी का खुलासा, कैमरे में कैद हुईं पांच महिलाएं

शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के मकदुमपुर स्थित भीमराव आंबेडकर बालिका विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्यान्न की कथित चोरी का मामला सामने आया है। बुधवार को विद्यालय से बाहर निकल रहीं पांच महिलाएं मीडिया के कैमरे में कैद हो गईं। सभी महिलाओं के हाथों में दो-दो थैले थे, जिनमें दाल, चावल, आलू, मैगी के पैकेट और नमक समेत अन्य खाद्य सामग्री रखी हुई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों से जानकारी ली गई तो उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय से खाद्यान्न ले जाने का यह सिलसिला कोई नई बात नहीं है।

मोहल्लेवासियों के अनुसार, विद्यालय खुलने के बाद से ही कथित तौर पर इस तरह की गतिविधियां लगातार होती रही हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। वहीं विद्यालय में तैनात महिला गार्ड मालती देवी से जब जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं है। बाद में उसने यह भी कहा कि इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। सुरक्षा में तैनात महिला गार्ड की बातों पर स्थानीय लोग उनकी संलिप्तता की भी बात कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम प्रियंका कुमारी ने कहा कि जिला कल्याण पदाधिकारी को जांच के लिए निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, सीपीआई के जिला मंत्री प्रभात कुमार पांडे ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन के लिए उपलब्ध कराई गई सामग्री का इस तरह कथित रूप से बाहर जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सीपीआई प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगी।

  

Related Articles

Post a comment