कटिहार में निजी कंपनी के कर्मी से धर्म पूछ कर मारपीट और लूटपाट, पीड़ित ने 100 से अधिक को बनाया आरोपी
- by Manjesh Kumar
- 30-May-2026
- Views
धर्म पूछकर मारपीट और लूट का आरोप, छह नामजद समेत 100 अज्ञात पर शिकायत। टावर टेक्नीशियन ने बरारी थाने में दिया आवेदन, 40 लीटर डीजल गिराने और 8 हजार रुपए लूटने का आरोप
कटिहार: कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के मरघिया टोला स्थित मोबाइल टावर पर डीजल भरने पहुंचे एक टावर टेक्नीशियन के साथ धर्म पूछकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बरारी थाना में लिखित आवेदन देकर छह नामजद एवं करीब 100 अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले सत्यम तिवारी ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में टावर टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 29 मई की रात करीब 8 बजे वह मरघिया स्थित मोबाइल टावर में डीजल भर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उनसे धर्म पूछा। धर्म बताने के बाद सभी लोग उग्र हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सत्यम तिवारी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने टावर में भरने के लिए लाया गया करीब 40 लीटर डीजल गिरा दिया तथा टावर परिसर में रखे सामान और बैटरी बैंक को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। मारपीट के दौरान उनकी जेब से 8 हजार रूपये नकद भी निकाल लिए गए। पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए जान से मारने का प्रयास किया गया। बाद में कुछ लोगों की मदद से वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचा सके।
पीड़ित ने दावा किया कि घटना का वीडियो भी उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस से छह नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


Post a comment