वित्त रहित कॉलेज और शिक्षकों पर सरकार नहीं दे रही ध्यान, भागलपुर में कांग्रेस सेवा दल के साथ दिया धरना

भागलपुर: भागलपुर में कांग्रेस सेवा दल एवं वित्त रहित कॉलेजों के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने की। प्रदर्शन के दौरान सरकार की शिक्षा नीति और वित्त रहित कॉलेजों की अनदेखी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नाराजगी जताई। धरना में बिहार सेवा दल के प्रभारी मो अफरोज खान, बिहार सेवा दल के अध्यक्ष डॉ संजय यादव, जिला सेवा दल अध्यक्ष कृष्णा राज, जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह, मो अख्तर हुसैन, अम्बर ईमाम तथा पूर्व महासचिव मोईदुर्रहमान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे।

धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राज्य के वित्त रहित कॉलेजों के शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा 211 डिग्री कॉलेजों को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाए। आक्रोशित नेताओं का कहना था कि 211 डिग्री कॉलेजों की बात केवल छलावा और दिखावा है। उनका आरोप है कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय सरकार लोगों को भ्रमित करने का काम कर रही है।

धरना के अंत में प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। अब यह देखना होगा कि इस विरोध प्रदर्शन का सरकार पर कितना असर पड़ता है और वित्त रहित कॉलेजों के शिक्षकों की मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है।

  

Related Articles

Post a comment