धीरे धीरे बिहार में लागू हो रहा योगी मॉडल, सम्राट की पुलिस ने राजधानी पटना समेत दो जिलों में किया एनकाउंटर
- by Manjesh Kumar
- 18-May-2026
- Views
बिहार: सम्राट चौधरी की सरकार में पुलिस आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए है तभी तो आपराधिक घटनाओं में शामिल बदमाशों को लगातार सलाखों के पीछे पहुंचा रही है। इतना ही नहीं पुलिस की कार्रवाई में अड़ंगा लगाने या पुलिस के सामने अपना दम दिखाने की कोशिश करने वाले अपराधियों को गोली भी मार रही है। इसी कड़ी में सोमवार को राजधानी पटना समेत पुलिस ने दो जिलों में एनकाउंटर किया तथा दो अपराधी को गोली मारी जबकि कुल 3 को गिरफ्तार भी किया है। एक तरफ पटना पुलिस ने अहले सुबह एक अपराधी के पैर में गोली मारी तो दूसरी तरफ सीवान में लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने सुबह सुबह ही गोली मारी।
सीवान में पुलिस ने सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घूरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि अंकित सिंह बीते 5 मई को जिरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर बाजार स्थित सोना दुकान में करीब 20 लाख रुपए लूटकांड में शामिल था। फिलहाल पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से पटना रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गोली आरोपी के घुटनों के आरपार हो गई। बता दें कि बीते 5 मई को हथियारबंद अपराधियों ने एक सोना दुकान में करीब 20 लाख रूपये मुख्य के जेवर और नकद लूट ली थी। इस दौरान अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग भी की थी। हालांकि इस दौरान लोगों ने एक आरोपी को पकड़ा भी था जिसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया था।
वहीं दूसरी तरफ राजधानी पटना की पुलिस ने एक वांटेड अपराधी को गोली मारी वहीं उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कई लूट और छिनतई के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस गई थी इसी दौरान अपराधी ने पुलिस पर गोली चला दी। अपराधी की गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लग गई जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घायल अपराधी के एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से देसी कट्ठा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी कुछ दिन पहले शिक्षक को गोली मारने और छिनतई की कई वारदातों में शामिल रहा है। मौके पर पहुंचे एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि अपराधी पर लूट, हत्या और छिनतई के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसका पूरा आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।


Post a comment