कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं खान सर, सिक्योरिटी गार्ड से फायरिंग करवाने का है आरोप, मामला दर्ज
- by Manjesh Kumar
- 05-Jun-2026
- Views
पटना: बड़ी खबर सामने आ रही है राजधानी पटना से जहां अब खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी है। हालांकि इस मामले में खान सर ने अभी अपने ऊपर FIR की जानकारी नहीं होने की बात कही है लेकिन जानकारी मिल रही है कि उनके विरुद्ध हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि बीते दिनों कुछ असामाजिक तत्वों ने खान सर के कोचिंग पर हमला कर दिया था और गार्ड की पिटाई भी की थी। घटना के बाद खान सर ने फायरिंग की बात कही थी, हालांकि अगले दिन उन्होंने फायरिंग की बात से इनकार भी कर दिया। मामले में मोड़ तब आया जब गुरुवार को ज्ञानबिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद की टीम के सदस्यों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और इस दौरान खान सर के गार्ड के द्वारा फायरिंग की वीडियो दिखाई। टीम के लोगों ने पूरे मामले की स्क्रिप्ट खान सर पर लिखने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस खान सर के कोचिंग पहुंची और उनके गार्ड से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि खान सर के गार्ड ने फायरिंग की बात स्वीकार कर ली है। अब जानकारी मिल रही है कि खान सर के विरुद्ध हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुट गई है। हालांकि इस मामले में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है लेकिन खान सर के वकील भी कोचिंग में पहुंचे हैं।


Post a comment