IPL में बिहार का भी होगा अपना टीम? उद्योगपति अनिल अग्रवाल की मांग पर CM सम्राट ने किया रिएक्ट
- by Manjesh Kumar
- 22-May-2026
- Views
पटना: बिहार में पिछले कुछ समय से खेल को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। राजधानी पटना में स्थित मोईन उल हक स्टेडियम सहित अन्य कई जगहों पर खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है तो दूसरी तरफ खिलाड़ियों को भी कई तरह से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार के मशहूर उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से आईपीएल में बिहार की एक टीम की मांग की। अनिल अग्रवाल की मांग का अब सीएम सम्राट चौधरी ने भी समर्थन किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह उनकी इस बात से पूरी तरह सहमत हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बिहार की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार एक मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने अनिल अग्रवाल से कहा कि आपके जैसे बड़े उद्योगपति के सहयोग और मार्गदर्शन से निश्चित रूप से आने वाले समय में बिहार की अपनी एक क्रिकेट टीम को लेकर बहुत ही सकारात्मक और ऐतिहासिक निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखने वाले और लंदन में रह रहे उद्योगपति अनिल अग्रवाल भले ही देश से दूर हों, लेकिन अपने गृह राज्य की तरक्की और वहां के युवाओं के लिए उनका प्यार हमेशा सोशल मीडिया पर दिखता रहता है। उन्होंने अपने ताजा पोस्ट में लिखा कि जिस तरह देश के बड़े राज्यों और शहरों के पास अपनी खुद की आईपीएल टीमें हैं, ठीक उसी तरह हमारे बेमिसाल बिहार को भी आईपीएल के महामंच पर अपनी एक खास पहचान मिलनी चाहिए।


Post a comment