गायघाट के जांता में नाला निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग

मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट प्रखंड क्षेत्र के जांता पंचायत में पंचायती राज योजना से कराए गए नाला निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण संजीत ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य देव नंदन साह, उप मुखिया वैद्यनाथ राय समेत अन्य लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या-5 में करीब डेढ़ से दो वर्ष पूर्व लाखों रुपये की लागत से नाला का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि नाले के सिलेब्स में लोहे की छड़ की जगह बांस की फट्टी डालकर ढलाई कर दी गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने के कारण कई जगहों पर सिलेब्स टूट चुके हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, टूटे सिलेब्स के कारण अब तक कई लोग नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। बीते सप्ताह भी एक बच्चा नाले में गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार पंचायती राज पदाधिकारी से की गई, लेकिन अब तक समुचित जांच नहीं हो सकी है। इस संबंध में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment