जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत रौनिया पंचायत भवन में हुई जनसुनवाई, आदिवासी समुदाय के लोगों की अधिकारियों ने सुनी समस्याएं

जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत रौनिया पंचायत भवन में हुई जनसुनवाई। आदिवासी समुदाय की समस्याएं सुनी गईं, कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

कटिहार: जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत चलाए जा रहे जन भागीदारी अभियान एवं “सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत गुरुवार को बरारी प्रखंड की रौनिया पंचायत में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रौनिया पंचायत भवन परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज ने की। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आदिवासी समुदाय से जुड़े लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया। वहीं, जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से जन भागीदारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर किया जा सके। जनसुनवाई के दौरान लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मुकेश कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनसुनवाई को लेकर पंचायत क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया।

  

Related Articles

Post a comment