बिहार में आज सभी 38 जिलों में मनेगा सुशासन दिवस, नीतीश कुमार के 21 साल के कामकाज का होगा संवाद
- by Raushan Pratyek Media
- 24-Nov-2026
- Views
बिहार में सभी 38 जिलों में मनेगा सुशासन दिवस, नीतीश कुमार के 21 साल के कामकाज पर होगा संवाद
बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) सुशासन दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसके तहत राज्य के सभी 38 जिलों में 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' कार्यक्रम होंगे। पार्टी का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना है।
दरअसल, 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सरकार की कमान संभाली थी। इस दिन को पार्टी सुशासन और विकास के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देख रही है। इसी अवसर पर JDU प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी इस आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। कार्यक्रम के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किस तरह के बदलाव हुए हैं।
JDU की योजना के मुताबिक, ये कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पंचायत, वार्ड और प्रखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से पार्टी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने और सरकार के कामकाज पर संवाद स्थापित करने की कोशिश करेगी।
पार्टी इन आयोजनों को बिहार में विकास और सुशासन की उपलब्धियों को सामने रखने के एक बड़े अभियान के रूप में देख रही है। 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' के जरिए जनता से जुड़ने के साथ-साथ पार्टी संगठन को भी जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी है।


Post a comment