खगड़िया में पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी का किया एनकाउंटर, पुलिस से घिरते ही शुरू की थी फायरिंग

खगड़िया: बिहार में इन दिनों पुलिस अपराधियों के विरुद्ध नरमी बरतने के मूड में बिल्कुल नहीं दिख रही है। बीते दिनों लगातार कई दिनों तक एनकाउंटर के बाद एक बार फिर सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि खगड़िया पुलिस और एसटीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी का एनकाउंटर किया है। बताया जा रहा है कि कुख्यात इनामी बदमाश के विरुद्ध हत्या, लूट समेत करीब 1 दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं और उसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। कुख्यात की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के दिघौन पंचायत के सुखायबासा गांव निवासी मो बुद्दिन के रूप में की गई।

मामले में खगड़िया के एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बीती मध्य रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और कुख्यात को चेतावनी दी। अपने आप को पुलिस से घिरते देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके बाद पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कुख्यात को गोली लग गई जिसमें वह जख्मी हो गया। पुलिस ने कुख्यात को गिरफ्तार कर लिया साथ ही उसके पास से एक राइफल, दो देशी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया है।

मामले को लेकर एसपी ने कहा कि कुख्यात मो बुद्दीन के ऊपर केवल बेलदौर थाना में ही 14 मामले दर्ज हैं जबकि अन्य थानों में भी उसके विरुद्ध मामले दर्ज हैं, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी, सदर एसडीपीओ, गोगरी एसडीपीओ, कई इंस्पेक्टर और एसएफएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment