खेत देखने जा रहे युवक के साथ मारपीट, ससुराल पक्ष पर आरोप

शेखपुरा: जिले के अरियरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनाबाद गांव में खेत देखने जा रहे एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में विद्यापुर गांव निवासी युवक रंजीत मेहता घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल शेखपुरा में चल रहा है। घायल युवक की पहचान स्वर्गीय बालेश्वर महतो के पुत्र रंजीत मेहता के रूप में हुई है। उसकी बहन रंजू देवी ने बताया कि रंजीत की शादी हुसैनाबाद गांव निवासी अशोक महतो की पुत्री ममता कुमारी से हुई थी।पारिवारिक विवाद के कारण पत्नी मायके चली गई, जिसके बाद से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं।

रंजीत के अनुसार, वह हुसैनाबाद गांव में एक व्यक्ति से रुपये मांगने और अपना खेत देखने जा रहा था। इसी दौरान उसके ससुर अशोक महतो, साला गुड्डू महतो और सास मंजू देवी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। घायल युवक का आरोप है कि उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज किए जाने का विरोध करने पर उसे निशाना बनाया गया। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। रंजीत ने बताया कि वह इस मामले में अरियरी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराएगा। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

  

Related Articles

Post a comment