किशनगंज में गांजा के साथ एक पूर्व सैनिक समेत 2 गिरफ्तार, मामले की जांच में जुटी है पुलिस

किशनगंज: बिहार में शराबबंदी के बाद अवैध तरीके से नशा के कारोबार में काफी बढ़ोतरी हुई है। नशे के कारोबार से एक तरफ जहां कारोबारी मोटी कमाई कर रहे हैं तो दूसरी तरफ इसकी जद में आए लोग शारीरिक और आर्थिक रूप से खोखला होते जा रहे हैं। अवैध नशा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और मादक पदार्थों के साथ ही कारोबारियों को भी गिरफ्तार कर रही है। इसी कड़ी में किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थिक साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार दो तस्करों में से एक पूर्व सैनिक है। पुलिस ने इनके पास से करीब 81 ग्राम गांजा, 14820 रुपए, और मोबाइल फोन बरामद किया है और गिरोह का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान उत्तराखंड के देहरादून निवासी विपिन पवार और किशनगंज के खगड़ा मझिया टोला निवासी मुजिबुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विपिन पवार पूर्व सैनिक है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 26 अगस्त को सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा चार पहिया वाहन से गांजा की बड़ी खेप किशनगंज से कोचाधामन थाना क्षेत्र होते हुए दरभंगा ले जायी जा रही है।

सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। टीम में एएनटीएफ किशनगंज के साथ कोचाधामन थाना और धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को शामिल किया गया। विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास गांव की मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से 80.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान विपिन पवार ने पुलिस को बताया कि असम से गांजा लाकर दरभंगा के तस्करों को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े असम और दरभंगा के अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी जारी है। इसके माध्यम से तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई करने की बात कही है।

  

Related Articles

Post a comment