दुकानदार की तत्परता से राजधानी में लूट की बड़ी घटना टली, टॉप्स देखने आई युवतियों ने स्प्रे किया और फिर...

पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी घटना होने से टल गई। ज्वेलरी दुकानदार की तत्परता और स्थानीय लोगों की कोशिश की वजह से न सिर्फ एक आभूषण दुकान लुटने से बच गया बल्कि दो युवती को भी लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र इलाके के कुर्जी के समीप की है। जानकारी के अनुसार दो युवती एक आभूषण दुकान में जेवर देखने के बहाने घुसी और दुकानदार पर बैग से निकाल कर स्प्रे कर दिया। इसके बाद दुकानदार ने शोर मचा दिया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

आसपास के लोगों ने भागने की कोशिश कर रही दोनों युवतियों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले को लेकर दुकानदार ने कहा कि दो युवतियां दुकान में आई और टॉप्स दिखाने के लिए कहा। मैने टॉप्स दिखाना शुरू ही किया था कि उन्होंने मेरे मुंह पर स्प्रे कर दिया और टॉप्स लेकर भागने की कोशिश करने लगी। जब मैने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और अन्य लोग मौके पर जुट गए और दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान करीब आधा घंटा तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। फिलहाल दीघा थाना की पुलिस दोनों युवतियों से पूछताछ में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment