राजगीर मलमास मेला का CM सम्राट ने किया उद्घाटन, कहा 'श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का ख्याल रखें'

राजगीर में मलमास मेला-2026 का मुख्यमंत्री ने किया विधिवत उद्घाटन एवं प्रमुख संतों के साथ किया ध्वजारोहण। मलमास मेला में आनेवाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का ख्याल रखें- मुख्यमंत्री

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नालंदा जिले के राजगीर में मलमास मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने ब्रह्मकुंड परिसर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की एवं महाआरती कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने यज्ञशाला के निकट प्रमुख संतों के साथ ध्वजारोहण किया। इस दौरान जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी बासुदेवाचार्य श्री भास्कर उपस्थित थे। मलमास मेला-2026 के उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मलमास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल की सुविधा, आवासन, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य चीजों की विस्तृत जानकारी ली। ब्रह्मकुंड के पास नव नालंदा सेवा भारतीय नालंदा द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी मुख्यमंत्री ने उ‌द्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा भाव से मदद करें और इनके स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री को श्री राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मलमास मेला में आने वाले अन्य श्रद्धालुओं के आवासन के लिए स्टेट गेस्ट हाउस में तैयार किए गए आवासन स्थल का फीता काटकर उद्घाटन किया। आवासन स्थल के पास श्रद्धालुओं के लिए भोजन की सुविधा हेतु दीदी की रसोई का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। दीदी की रसोई में सस्ते दर पर श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध भोजन की व्यवस्था की गई है। 


इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मलमास मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। माना जाता है कि हिंदुओं के 33 करोड़ देवी-देवताओं का यहां निवास होता है। लोग श्रद्धा भक्ति के लिए यहां आते हैं। उनकी सुविधाओं और सुरक्षा का पूरी तरह ख्याल रखें। यहां देशभर से जो भी श्रद्धालु जाएं, वे अच्छी यादें लेकर जाएं। हमलोगों का दायित्व है कि जो भी यहां आएं उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और भक्ति भाव से पूजा पाठ कर सकें। उन्होंने कहा कि मेले में आए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखें। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका भी ख्याल रखें। भीड़ का प्रबंधन अच्छे ढंग से करें।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक सुनील कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक डॉ जितेंद्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक ईं सुनील, पूर्व विधान पार्षद राजू राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, नालंदा जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment