1 महीने में तीसरी बार मंदिर में चोरी, पिछली घटनाओं में भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश
- by Raushan Pratyek Media
- 21-Apr-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं रहे। बीते सोमवार की देर रात चोरों ने पलसा गांव में पेट्रोल पंप के नजदीक शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने शिव मंदिर के अंदर घुसे और लाउडस्पीकर, पंप सेट मोटर, पीतल की घंटी समेत मंदिर में रखे अन्य कीमती सामग्री लेकर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह जब पूजा करने मंदिर पहुंचे तब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। मंदिर में सामान बिखरा देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब एक महीना पूर्व पलसा गांव के काली मंदिर में भी चोरी हुई थी जिसकी ग्रामीणों ने लिखित शिकायत आजमनगर थाना में दर्ज कराई थी। मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। करीब 10 दिन पूर्व पलसा गांव के ही काली मंदिर और शिव मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर दानपेटी और घंटी की चोरी की थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना आजमनगर थाना को दी थी, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
एक महीने के अंदर पलसा गांव में तीसरी बार अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। एक के बाद एक मंदिर में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद हैं। पहले काली मंदिर और अब शिव मंदिर में चोरी हो गई, लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना की सूचना पर आजमनगर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार,एसआई आर्यन कुमार मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों में भाजपा नेता प्रकाश शर्मा, सरपंच पुरुषोत्तम शर्मा, संजीव शर्मा, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार आदि लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्ती बढ़ाने की कटिहार जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment