मृतक की दुकान के सामने ही नौकरी के बहाने करता था रेकी, ब्लैकआउट के दौरान मसाला कारोबारी की हत्या मामले का उद्भेदन

पटना: बीते 15 मई को ब्लैकआउट के दौरान राजधानी पटना में मसाला कारोबारी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 36 घंटे में सुलझा ली है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ एक नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा है। बताया जा रहा है कि हत्या का तार बेऊर जेल से जुड़ रहा है जबकि आशंका जताई जा रही है कि शराब कारोबार में अनबन की वजह से मसाला कारोबारी की हत्या की गई है। मामले की जानकारी पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने देते हुए बताया कि ब्लैकआउट के दौरान राजधानी पटना में हत्या की घटना को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया तथा मामले की छानबीन में जुट गई।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने घटना के अगले दिन ही एक 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया जिसने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पकड़ा गया नाबालिग आरोपी भी मुसल्लहपुर हाट का रहने वाला है जबकि हत्या का तार बेऊर जेल से जुड़ता हुआ दिख रहा है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। नाबालिग का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ में यह पता चला है कि मृतक मसाला कारोबारी शराब का भी कारोबार करते थे और इसी वजह से उनकी हत्या की गई है।

सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने कहा कि पुलिस पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से मृतक की दुकान के सामने वाली दुकान पर नौकरी के बहाने रेकी कर रहा था। इसी बीच उसे ब्लैकआउट की जानकारी मिली जिसे उसने सबसे उपयुक्त समय मान लिया। 15 मई की शाम ब्लैकआउट के दौरान बिजली कटने के बाद अंधेरा होते ही उसने मसाला कारोबारी को गोली मार दी और मौके से भाग निकला। फिलहाल हत्या का असली कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन में जुटी हुई है साथ ही अन्य आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार करने की कवायद भी जारी है।

  

Related Articles

Post a comment