मुजफ्फरपुर अस्पताल की घटना पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री चुप, सवाल सुन जोड़ लिए हाथ

मुजफ्फरपुर: गुरुवार की अहले सुबह बिहार में जब लोगों की नींद खुली तो उन्हें मुजफ्फरपुर के अस्पताल में हुई भीषण अग्निकांड की खबर मिली। अस्पताल में आग लगने की घटना ने पूरे बिहार को हिला कर रख दिया। आगलगी की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दिए तो दूसरी तरफ राज्य में व्यवस्थाओं पर सवाल भी उठने लगा। वहीं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मीडिया ने जब सवाल किया तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए।

एक जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ दिल्ली जाने के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे जब मुजफ्फरपुर की घटना पर सवाल किया तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए वहीं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने हाथों से माइक हटा दिए और दोनों नेता एयरपोर्ट के अंदर चले गए। हालांकि बाद में निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट कर घटना पर दुःख जाहिर किया और लिखा कि हमने घायलों और मृतक के परिवार की मदद के साथ ही घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

राजद ने किया हमला

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का एयरपोर्ट पर मीडिया से बचते हुए वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजद ने भी तीखा हमला किया है। राजद ने सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ लिखा है कि 'बिहार के मुजफ्फरपुर में नियमों की अनदेखी कर स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से चल रहे अवैध अस्पताल में आग लग जाने से कई लोग मारे गए अनेक झुलस गए लेकिन स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी देखिए इस दुखद घटना पर बिना जवाबदेही के हाथ जोड़कर और मुस्करा कर गर्मी में दिल्ली घूमने निकल गए। ना संवेदना व्यक्त की, ना दोषियों पर कार्रवाई की बात और ना ही घटनास्थल का दौरा? क्या ऐसा स्वास्थ्य मंत्री या मंत्री बिहार को चलाएगा? एक मंत्री का शर्मनाक आचरण और व्यवहार!क्या हमारा बिहार ऐसा ही स्वास्थ्य मंत्री डिजर्व करता है?'

  

Related Articles

Post a comment