मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे निशांत, कहा 'कार्यकर्ताओं का प्यार ही मेरी ताकत'
- by Manjesh Kumar
- 07-May-2026
- Views
पटना: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी सम्राट कैबिनेट में मंत्रिपद की शपथ ली है। गुरुवार की दोपहर पिता से आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने गांधी मैदान में आयोजित समारोह में शपथ ली और फिर शाम में जदयू कार्यालय पहुंचे। जदयू कार्यालय में पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
जदयू कार्यालय जाने की जानकारी निशांत ने खुद ही सोशल मीडिया के माध्यम से दी साथ ही अपने पिता के रास्ते पर चल कर बिहार को विकसित राज्य बनाने की बात कही। निशांत ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर भी पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा सभी का प्यार ही मेरी ताकत है। निशांत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'आज बिहार सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मैं जद(यू) प्रदेश कार्यालय पहुंचा। भारी संख्या में प्यारे कार्यकर्ता भाइयों और बहनों के अलावा माननीय सांसदों,विधायकों तथा पार्टी पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया। सभी का मेरे प्रति प्यार ही मेरी ताकत है। मैंने भी सभी का दिल से अभिवादन किया। आनेवाले दिनों में बिहार को सबसे विकसित राज्य बनाने के मिशन पर लगना है। सभी के सपनों को पूरा करना है। पिताजी के दिखाए रास्ते पर चलकर अपने बिहार को सुंदर और समृद्ध बनाना है।
बता दें कि निशांत कुमार के राजनीति में आने के साथ ही कहा जा रहा था कि उन्हें सरकार और पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी दी जाएगी। माना जा रहा था कि सम्राट कैबिनेट में उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, हालांकि जदयू नेता उन्हें मुख्यमंत्री भी बनाने की मांग कर रहे थे। हालांकि निशांत कुमार ने खुद ही उप मुख्यमंत्री बनने से इंकार कर दिया था और कहा था कि अभी वह संगठन के लिए काम करना चाहिए हैं। अब निशांत कुमार 3 मई से बिहार की यात्रा पर निकले हैं और आमजन से मुलाकात कर रहे हैं। इससे पहले भी राजनीति में एंट्री करने के बाद निशांत लगातार पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं और संगठन की मजबूती को लेकर रणनीति बना रहे हैं।


Post a comment