कोई मांगे घूस तो सीधे करें शिकायत, मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा 'जीरो टॉलरेंस की नीति पर ही होगा काम'

पूर्णिया: पूर्णिया पूर्व प्रखंड के डिमिया छत्रजान पंचायत में बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत सहयोग शिविर का संचालन किया जा रहा है। यह शिविर 21 मई से शुरू हुआ है और 16 जून तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। शनिवार को शिविर का निरीक्षण करने बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल पहुंचे। इस दौरान पंचायत के मुखिया अंगद कुमार मंडल ने मंत्री का अंगवस्त्र एवं श्रीराम स्मृति भेंट देकर स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भूमि, राजस्व, गृह, मनरेगा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के लगाए गए काउंटरों का जायजा लिया और अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ऑन द स्पॉट आवेदन निष्पादन और शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान मंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि यदि कोई कर्मी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत सीधे सरकार तक पहुंचाएं। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सभी शिकायतों और उनके निष्पादन की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।फिलहाल डिमिया छत्रजान पंचायत में चल रहा यह शिविर ग्रामीणों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment