सारण में अपराधियों का दिनदहाड़े तांडव, सरेआम पैक्स अध्यक्ष को चाकू मार लूट लिए साढ़े 5 लाख
- by Manjesh Kumar
- 15-Jun-2026
- Views
सारण: बिहार में सरकार और पुलिस की लाख कोशिश के बावजूद आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं हो रही है। एक बार फिर सारण में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने सरेआम दिनदहाड़े पैक्स प्रबंधक से करीब साढ़े पांच लाख रुपए लूट लिए। वहीं लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें चाकू मार कर जख्मी भी कर दिया। घटना की जकड़ी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घटना सारण के इसुआपुर थाना क्षेत्र के एसएच 90 स्थित चहपुरा देवी स्थान से बजरहियां जाने वाली ग्रामीण सड़क की है। जख्मी की पहचान केरवा के पैक्स प्रबंधक छोटेलाल साह के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार जख्मी पैक्स प्रबंधक बाइक की डिक्की में 5 लाख 60 हजार रुपए रख कर रामपुर अटौली पैक्स डोईला मिल की तरफ जा रहे थे तभी चहपुरा देवी स्थान के समीप में अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बाइक की डिक्की से रुपए निकाल लिए। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें चाकू मार कर जख्मी कर दिया और भाग निकले। अपराधियों ने उनकी पीठ पर छः, बाएं हाथ पर तीन तथा पैर पर एक वार किया। चाकू लगने से वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी बदमाश नहीं रुके और डिकी में रखे 5 लाख 60 हजार रुपये लेकर उनकी मोटरसाइकिल भी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी तेज गति से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल प्रबंधक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इसुआपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


Post a comment