पटना में मतगणना शुरू होते ही विपक्षी उम्मीदवारों ने खोल दिया मोर्चा, सीसीटीवी नहीं होने का बनाया मुद्दा

पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। बिहार में आठ सीटों पर मतदान के बाद मतपेटी संबंधित प्रमंडल मुख्यालयों में रखे गए थे और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज मतगणना 8 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना शुरू होते ही राजधानी पटना में बाहुबली विधायक अनंत सिंह समर्थित और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने सवाल खड़े किए हैं। अनुज सिंह ने मतगणना स्थल पर एक भी सीसीटीवी नहीं लगाए जाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने साफ सफाई की कमी को भी मुद्दा बनाया है।

जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह ने रिटर्निंग अधिकारी के सामने अपनी शिकायत रखी है। उन्होंने मतगणना स्थल पर सीसीटीवी नहीं होने पर चिंता जताई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मतगणना को लेकर काउंटिंग एजेंट के बैठने की जहां व्यवस्था की गई है वहां स्वच्छता की व्यवस्था नहीं है। वहां मौजूद गंदगी के बदबू की वजह से लोगों का बैठना मुश्किल हो रहा है। अनुज सिंह ने मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की भी बात कही है।

बता दें कि चुनाव में सभी उम्मीदवार लगातार अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मतगणना स्थल पर गड़बड़ी होने की आशंका सोमवार को राजद ने भी चुनाव आयोग के समक्ष जताते हुए उचित व्यवस्था किए जाने की बात की है। वहीं मतगणना शुरू होने के साथ ही अन्य उम्मीदवारों ने भी सीसीटीवी नहीं होने पर चिंता जाहिर की। वहीं कांग्रेस के शिक्षक निर्वाचन उम्मीदवार संजय यादव धरना पर ही बैठ गए। साथ ही शिक्षक निर्वाचन सीट से जन सुराज उम्मीदवार ने भी सीसीटीवी का मुद्दा बनाया है।

  

Related Articles

Post a comment