पत्नी ही निकली पति की कातिल, पुलिस ने सहयोगी समेत किया गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
- by Manjesh Kumar
- 06-Jul-2026
- Views
किशनगंज: किशनगंज पुलिस ने बिशनपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रिजवान आलम हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मामले का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी डेजी परवीन और उसके सहयोगी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि 42 वर्षीय रिजवान आलम की हत्या उसकी पत्नी डेजी परवीन ने अपने सहयोगी अनवर हुसैन के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से की थी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने वारदात को चोरी का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। घटना के बाद मृतक की पत्नी का चीख-चीखकर रोने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पत्नी ही इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी निकली।
पुलिस जांच के दौरान तकनीकी अनुसंधान और अनवर हुसैन के एक फोन कॉल ने पूरे मामले का राज खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड नदी से बरामद की गई, जबकि घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन मोहल्ले की एक बांसवाड़ी में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस चर्चित हत्याकांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a comment