इलाज के दौरान अस्पताल में प्रसूता की हुई मौत, लापरवाही का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा...
- by Manjesh Kumar
- 18-May-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुरा में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई जिसके बाद परिजनों ने जम कर हंगामा किया। प्रसूता के परिजनों के हंगामा के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया जबकि अस्पताल के कर्मी जान बचाने के लिए भाग निकले। घटना शेखपुरा के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजिदपुर स्थित एक निजी अस्पताल की है जहां ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतिका की पहचान हथियावां थाना क्षेत्र के पुरानकमा गांव निवासी शिवालक पासवान की पुत्री रीमा कुमारी के रूप में की गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा कर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवा कर मामले की छानबीन में जुट गई।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर रीमा कुमारी को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन करने की बात कही। परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन किया गया, जिसमें महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रीमा कुमारी की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, लेकिन अस्पताल प्रबंधन समय रहते स्थिति को संभाल नहीं सका। मृतका की भाभी ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही और सही इलाज नहीं मिलने के कारण रीमा कुमारी की मौत हुई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
माहौल तनावपूर्ण होता देख अस्पताल कर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई और डॉ मौके पर से फरार हो गए। घटना की सूचना पर आदर्श थाना के एएसआई पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के आवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment