PUBG खेल रहे युवक पर तलवार से हमला, नाले में फेंका, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

भागलपुर: भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र में एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोबाइल पर PUBG खेल रहे मोहम्मद रमजान मंसूरी पर आधा दर्जन हमलावरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक का एक कान कट गया और शरीर पर कई गंभीर जख्म आए। घायल अवस्था में उसे नाले में फेंक दिया गया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

घटना बीती रात की बताई जा रही है। घायल की मां महमुर निशा के अनुसार, उनका बेटा मोहम्मद रमजान मंसूरी घर के बाहर बैठकर मोबाइल पर PUBG खेल रहा था। इसी दौरान दयानंद, सूरज, राहुल समेत पांच युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि पहले उन्होंने बाहर लगी बिजली बंद कर दी और अंधेरा होते ही तलवार से रमजान पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने गले पर वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के दौरान तलवार उसके कान पर लगी, जिससे कान कट गया। इसके अलावा सिर, हाथ और पैर पर भी कई गंभीर चोटें आईं। घायल होकर रमजान पास के नाले में जा गिरा।

परिजनों का कहना है कि रमजान पुणे में बिजली वायरिंग का काम करता है और बकरीद की छुट्टी में घर आया था। अगले दिन उसे वापस पुणे लौटना था, लेकिन उससे पहले ही उस पर हमला कर दिया गया। मां का आरोप है कि घटना पूर्व नियोजित थी और कई दिनों से साजिश रची जा रही थी। परिजनों के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर रमजान खून से लथपथ नाले में पड़ा मिला, जिसके बाद उसे तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल रमजान का इलाज अस्पताल के सर्जरी विभाग में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment