एसपी मैडम, आपके थानेदार नहीं संभाल पा रहे हैं पूर्णिया, एक बार फिर लूट के दौरान अपराधियों ने व्यक्ति को मार दी गोली

पूर्णिया: एसपी मैडम आपके थानेदारों से नहीं संभल रहा है पुर्णिया, तभी तो जिले में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। सूखा नशा कारोबार, चेन स्नेचिंग समेत लूट, गोलीबारी और हत्या का मामला अब आम होते जा रहा है। बीती रात भी पूर्णिया में बेखौफ अपराधियों ने मोबाइल छीनने के दौरान विरोध करने पर एक सैलून संचालक को गोली मार दी। जिले में लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस कार्रवाई की जगह मूकदर्शक बनी हुई है। ताजा मामला जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र के डीएवी चौक के समीप की है जहां बीती रात अपराधियों ने एक सैलून संचालक को गोली मार दी। गोली लगने से व्यक्ति जख्मी हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल की पहचान चूनापुर निवासी आजाद कुमार के रूप में की गई। घटना को लेकर जख्मी ने बताया कि वह डीएवी चौक पर सैलून चलाते हैं। बीती रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे तभी विद्या निकेतन स्कूल के सामने बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस दौरान उसने विरोध किया तो एक अपराधी ने गोली चला दी जो उसे लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं आसपास मौजूद लोगों ने उसे जीएमसीएच पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस हर बार की तरह इस बार भी दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं अब जनमानस के मन में असुरक्षा की भावना जगने लगी है और सवाल उठने लगा है कि आखिर अपराध नियंत्रण की जगह आपराधिक घटनाओं के बाद ही पुलिस क्यों सक्रिय होती है। एक तरफ राज्य के मुखिया अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देने और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं तो दूसरी तरफ पूर्णिया पुलिस पर इसका असर क्यों नहीं हो रहा है।

  

Related Articles

Post a comment