पूर्णिया में सरेआम ताबड़तोड़ गोलीबारी, कार का दरवाजा खोलने को लेकर हुए विवाद में दो जख्मी

पूर्णिया: पूर्णिया के के-हाट थाना क्षेत्र स्थित कॉलेज चौक के पास सोमवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुलेट सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने कार सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में कटिहार जिले के दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान कटिहार के हृदयगंज निवासी अमन कुमार सानू और उसके दोस्त रोहित कुमार के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार अमन कुमार सानू अपने एक अन्य दोस्त के साथ कटिहार से पूर्णिया आया था। यहां वे लोग पूर्णिया कॉलेज के समीप रहने वाले अपने मित्र रोहित कुमार से मिले। बताया जा रहा है कि सभी दोस्तों ने पहले साथ बैठकर मटन पार्टी की, जिसके बाद वे कार में बैठकर कॉलेज गेट के पास बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कार का दरवाजा खोलने को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

गोली अमन कुमार सानू की बांह को चीरते हुए पेट के पास जा लगी, जबकि दूसरी गोली कार में बैठे रोहित कुमार के हाथ में लग गई। गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई और अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही के-हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment