राबड़ी ने हटाई अपनी सुरक्षा तो लाठी डंडे के साथ दरवाजा पर खड़ा हो गए कार्यकर्ता, JDU ने कहा 'मोह माया है'
- by Manjesh Kumar
- 06-Jun-2026
- Views
पटना: बिहार की सरकार ने अभी हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती की है जिसके बाद अब शनिवार को राबड़ी और तेजस्वी ने खुद ही अपनी सुरक्षा हटा दी है। राबड़ी आवास से सुरक्षा हटाए जाने के बाद राजद के कार्यकर्ता लाठी डंडा लेकर उनके आवास के बाहर खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि राबड़ी देवी ने अपने आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी वापस कर दिया है जिसके बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से आवास पर पहुंचने की अपील की।
रोहिणी आचार्य ने सीएम सम्राट को बताया हत्यारोपी
रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को 7 खून का आरोपी बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सुरक्षा कवर में कटौती के बाद दिखावे की सुरक्षा रखने का कोई औचित्य ही नहीं है। सात खून के आरोपी रहे मुख्यमंत्री की सरकार के द्वारा लालू जी एवं राबड़ी देवी जी की सुरक्षा में कटौती का फैसला लालू जी - राबड़ी देवी जी एवं उनके परिवार को नुकसान, शारीरिक क्षति पहुँचाने की नीयत से ही लिया गया फैसला है। सुरक्षा कवर में कटौती के बाद दिखावे की सुरक्षा रखने का कोई औचित्य ही नहीं है, इसके मद्देनजर ही राबड़ी देवी जी ने अपने आधिकारिक आवास से सुरक्षाकर्मियों को वापस किए जाने का निर्णय लिया है। सम्राट सरकार को ये जान लेना चाहिए कि बिहार की करोड़ों जनता ही लालू जी - राबड़ी देवी जी एवं उनके परिवार का सुरक्षा कवच है और अगर लालू जी, राबड़ी देवी जी और परिवार के किसी भी सदस्य को एक खरोच भी आयी थी तो अंजाम क्या होगा, इसका अंदाजा शायद बिगड़ैल सम्राट चौधरी और उनकी सरकार को नहीं है ..!
साजिश के तहत विपक्ष को कुचलना चाहते हैं
रोहिणी आचार्य की अपील के बाद भारी संख्या में राजद कार्यकर्ता हाथों में लाठी डंडा लेकर राबड़ी आवास के बाहर खड़े हो गए। इतना ही नहीं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव भी सुरक्षाकर्मी की जगह कुर्सी लगा कर बैठे दिखे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी दोनों पूर्व मुख्यमंत्री हैं। पहले उन्हें घर को लेकर धोखा दिया गया, फिर खाली करने का नोटिस और अब सुरक्षा में कटौती की गई है। यह एक साजिश है। सत्ता पक्ष विपक्ष को कुचलना चाहता है। लोकतंत्र में ऐसी राजनीति की कोई जगह नहीं है, बिहार के लोगों को भी यह मंजूर नहीं है।
JDU ने कहा सब मोह माया है
वहीं इस मामले में जदयू ने भी तंज कसा और कहा कि राबड़ी देवी ने कोई औपचारिक रूप से अपना सुरक्षा नहीं हटाया है बल्कि सीधे कह दिया है कि वापस जाओ। अगर उन्हें यह समझ आ गया है कि यह सब सिर्फ मोह माया है तो फिर उन्हें आवास भी खाली कर देना चाहिए। वहीं नीरज कुमार ने राबड़ी आवास के बाहर राजद कार्यकर्ता के द्वारा लाठी डंडा लेकर खड़े होने को भी गैरकानूनी बताते हुए कहा कि वह क्षेत्र प्रतिबंधित क्षेत्र है जबकि लाठी, डंडा एक घातक हथियार के रूप में जाना जाता है। ऐसे में प्रतिबंधित और हाई सिक्योरिटी एरिया में इस तरह की हरकत करना गैरकानूनी है।


Post a comment