बिहार में नीतीश की सीट छीन ले गई राजद, तेजस्वी ने कहा अगर बैलेट से हों चुनाव तो NDA का हर जगह होगा पत्ता साफ...

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राजद को राज्यसभा चुनाव में भी झटका लगा था लेकिन स्थानीय निकाय विधान परिषद चुनाव में NDA को शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की है। भोजपुर - बक्सर स्थानीय निकाय चुनाव में राजद के सोनू राय ने जीत दर्ज की है जिसके बाद राजद में खुशी का माहौल है। उन्होंने NDA समर्थित जदयू के उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को करीब 350 वोट से हरा दिया। राजद ने विधानसभा चुनाव में राधाचरण प्रसाद के विधायक बनने के बाद खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में कब्जा कर लिया। चुनाव में जीत के लिए 2668 वोटों की जरूरत थी जिसमें सोनू राय को 2507 वोट मिले। इसके बाद द्वितीय वरीयता की गिनती में सोनू राय ने जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को हरा दिया। कहा जा रहा है कि उप चुनाव में जदयू के बागी मनोज उपाध्याय के मैदान में उतरने की वजह से पार्टी को एक सीट का नुकसान उठाना पड़ा और एक सीटिंग सीट राजद छीन ले गई।

चुनाव की गिनती में प्रथम वरीयता में जदयू के बागी उम्मीदवार मनोज उपाध्याय को 636 वोट मिले जिसकी वजह से ही NDA को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही अन्य तीन उम्मीदवार सारण के मढ़ौरा निवासी लालू प्रसाद यादव को 30, निर्दलीय कन्हैया प्रसाद को 25 तथा निरंजन कुमार को 12 मत मिले जबकि 621 मत रद्द किए गए। प्रथम वरीयता की गिनती में राजद उम्मीदवार सोनू राय को 2486 वोट मिले जबकि जदयू के उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को 2146 वोट। बता दें कि इस सीट से राजद के सोनू राय के पिता लालदास राय भी एमएलसी रह चुके हैं जबकि जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद अपने पिता राधाचरण साह के विधायक बनने पर इस सीट के खाली होने पर मैदान में थे।

भोजपुर बक्सर स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव में जदयू की सीट पर राजद की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। राजधानी पटना में स्थित राजद कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिला कर खुशी मनाई। राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री मो अली अशरफ फातिमी, राष्ट्रीय महासचिव बीनु यादव, प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, सारिका पासवान, प्रदेश महासचिव फैयाज आलम कमाल, निराला यादव,हरेंद्र कुमार कुशवाहा, संजय यादव, डॉ प्रेम कुमार गुप्ता, उपेंद्र चंद्रवंशी, संजय कुमार वर्मा, गणेश कुमार यादव, विमल राय, चंदेश्वर प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता इस खुशी में शामिल हुए। 

इस दौरान राजद के प्रदेश मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यह जीत लोकतंत्र पर जन प्रतिनिधियों के विश्वास, तेजस्वी जी के प्रति पार्टी के नेताओ और कार्यकर्ताओं का विश्वास प्रकट करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत है। वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से एक बार फिर NDA पर निशाना साधा। तेजस्वी ने दावा किया कि भाजपा और NDA सिर्फ मशीन में छेड़छाड़ की वजह से जीत हासिल करती है जबकि बैलेट के चुनाव में वह कभी नहीं जीत पाएगी।

 तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 'भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में राजद प्रत्याशी श्री सोनू राय ने NDA उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी है। राजद प्रत्याशी के जीतने पर सभी कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद। हम शुरू से कह रहे है अगर आज देश-प्रदेश में मशीन की बजाय बैलेट पेपर यानि मतपत्र से चुनाव हो तो BJP-NDA कहीं भी नहीं टिकेगी। बिहार चुनाव में पोस्टल बैलेट पेपर में हम लोगों ने 150 से अधिक सीटें जीती थी लेकिन तंत्र-यंत्र-षड्यंत्र और छल-कपट से हरा दिया गया था। आजकल मतगणना के दिन भी देर रात 1-2 बजे तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाते है। पूर्व में मतपत्रों की गिनती में भी इतना ही समय लगता था। तो क्यों नहीं लोकतांत्रिक पारदर्शिता और जनतंत्र में जनविश्वास कायम रखने के लिए अब EVM की बजाय बैलेट पेपर से ही चुनाव कराया जाए। और हाँ, हम हमेशा जीतने के बाद भी EVM से मतदान कराने के पक्षधर रहे है। पुन: फिर जीत की बधाई।'

  

Related Articles

Post a comment