सम्राट की सरकार में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त, भागलपुर SSP ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड
- by Manjesh Kumar
- 17-May-2026
- Views
भागलपुर: बिहार की सम्राट सरकार क्राइम, कम्युनलिज्म और करप्शन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का दावा करती है। इसी कड़ी में भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने सस्पेंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि भागलपुर के जोगसर थानाध्यक्ष पर कर्तव्य में लापरवाही का आरोप लगा था जिसकी विभागीय जांच की गई और आरोप सही पाए जाने पर फिर कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष के निलंबन की सूचना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है ।
एक जानकारी के अनुसार जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार के विरुद्ध लंबे समय से शिकायतें वरीय अधिकारियों को मिल रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों की जांच का जिम्मा सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई। जांच में थानाध्यक्ष के विरुद्ध आरोप सही पाए गए जिसके रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया। कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। आमजन इसे कानून-व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं। वहीं प्रशासनिक हलकों में भी इस निर्णय को लेकर हलचल देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पूर्व में भी थाना स्तर की कार्यशैली को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच की मांग सामाजिक और मीडिया संगठनों द्वारा की गई थी। अब निलंबन के बाद संभावना जताई जा रही है कि संबंधित मामलों की आगे और गहन जांच हो सकती है। फिलहाल विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया जारी है और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।


Post a comment