गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर थर्राया नौरंगा, सोनू मोनू के घर में घुसने से पहले पुलिस की तलाशी
- by Manjesh Kumar
- 24-May-2026
- Views
पटना: पटना का मोकामा इलाका बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा जिसके बाद कई थाना की पुलिस मामले की जांच में पहुंची। फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल हो गया। बताया जा रहा है कि पूरा एक फेसबुक पोस्ट को लेकर हुआ जिसमें सोनू मोनू गैंग के सोनू और उसके सहयोगियों ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि बीते दिन पचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा के सरपंच पति मुकेश सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में स्थानीय थाना की पुलिस की सराहना की थी जिससे सोनू मोनू को आपत्ति थी। शनिवार को सोनू मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने सरपंच पति मुकेश सिंह को उक्त पोस्ट डिलीट करने के लिए कहा और उसी दौरान दोनों में कुछ विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटे को फोन कर बुलाया जिसके बाद सोनू अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि मुकेश सिंह गोलीबारी की घटना में बाल बाल बच गए। घटना की जानकारी के बाद एसडीपीओ रामकृष्ण के नेतृत्व में पचमहला थाना समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
छापेमारी में गई पुलिस की तलाशी
मामले में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सोनू मोनू के घर पर तलाशी में पहुंची पुलिस की तलाशी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में पहुंची तो सोनू मोनू तो अपने घर से फरार हो चुका था लेकिन घर की तलाशी लेने से पहले उनके परिजनों ने पुलिस के साथ पहले बहसबाजी की फिर घर की तलाशी लेने से पहले से पुलिसकर्मियों की तलाशी ली।
की जाएगी उचित कार्रवाई
मामले में बाढ़ एसडीपीओ ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर फायरिंग की घटना घटी है। मामले में सरपंच पति मुकेश सिंह ने सोनू मोनू समेत कई अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। घटना को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने 3 खोखा बरामद किया है। वहीं उन्होंने पुलिसकर्मियों की तलाशी लिए जाने को लेकर कहा कि इस मामले में भी वीडियो वायरल हो रहा है और यह संज्ञान में आया है। फिलहाल वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार जांच की जा रही है। आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment