सम्राट सरकार में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 5 IPS समेत 13 पुलिस अधिकारी किए गए इधर से उधर
- by Manjesh Kumar
- 20-May-2026
- Views
पटना: बिहार की सरकार ने एक बार फिर राज्य में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर किया है। सरकार ने एक बार फिर 13 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है जिसमें 5 IPS पदाधिकारी और 8 डीएसपी शामिल हैं। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है तथा सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए जगह पर योगदान का निर्देश दिया है। 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना का समादेष्टा बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें अपराध अनुसंधान विभाग के अधीक्षक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इससे पहले वे सीआईडी में ही कार्यरत थे।
1997 बैच के आईपीएस संजय सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है। वे अब बजट, अपील और कल्याण विभाग के एडीजी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे। >2012 बैच के आईपीएस अधिकारी आनंद कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (सुरक्षा) बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें विधि-व्यवस्था का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया है। वे पहले भी इसी विभाग में कार्यरत थे। 2016 बैच के आईपीएस राजेश कुमार को अब साइबर अनुसंधान एवं आर्थिक अपराध इकाई का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं 2018 बैच के आईपीएस वैभव शर्मा को नवगछिया का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही गृह विभाग ने बिहार में 8 डीएसपी का भी तबादला किया है। गौरव कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 पूर्णिया, (सदर), अनुपेश नारायण को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निर्मली, सुपौल बनाया गया है। वहीं गोपाल कृष्ण को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया कैमूर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कौशल किशोर कमल को अपराध अनुसंधान विभाग, रंजन कुमार सिंह को पूर्णिया ट्रैफिक, सुरेश प्रसाद राम और कृष्ण कुमार गुप्ता को विशेष निगरानी इकाई में डीएसपी बनाया गया है।


Post a comment