कल से शुरू होगा विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन, बेली ब्रिज पर डीएम खुद करेंगे गाड़ी से पार
- by Manjesh Kumar
- 05-Jun-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर के क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। अब इस पुल से आवागमन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले शुक्रवार को बेली ब्रिज का ट्रायल किया जाएगा जिस पर जिले के डीएम खुद ही पुल पार करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पुल से आवागमन 7 जून से शुरू कर दी जाएगी। इस मामले की पुष्टि खुद जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने करते हुए कहा कि विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से वाहनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले शुक्रवार को इसका ट्रायल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह खुद गाड़ी से इस बेली ब्रिज को पार करेंगे। ट्रायल के दिन कई गाड़ियों को बेली ब्रिज पर चलाया जायेगा।
जानकारी के मुताबिक, बेली ब्रिज के दोनों ओर बन रहे बैरियर के पास पुलिस बल की तैनाती होगी, वहां चेक पोस्ट रहेगा। चेक पोस्ट को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस ब्रिज पर जितने मानक तय किए हैं, उतने मानक की गाड़ी को ही प्रवेश दिया जायेगा। इसके अलावा किसी भी बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है। विक्रमशिला सेतु पर तैयार बेली ब्रिज की मजबूती और सुरक्षा का आकलन करने के बाद गाड़ियों की अधिकतम रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तय की गई है। तकनीकी परीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर अधिकारियों ने पुल पर गाड़ियों की गति को नियंत्रित रखने का निर्णय लिया है।


Post a comment