घर से बुला कर छात्र को बदमाशों ने चाकू से गोदा, युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव

औरंगाबाद: औरंगाबाद में बीती रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना औरंगाबाद के रफीगंज थाना क्षेत्र के रफीगंज अब्दुलपुर मोहल्ला की है जबकि मृतक की पहचान की मो फैज के रूप में की गई। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने कहा कि बीती रात 8 बजे के लगभग किसी ने उसे फोन कर बुलाया और थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि चाकू से किसी ने हमला कर दिया।

घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने उसे आनन फानन में रफीगंज सामुदायिक केंद्र पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक स्नातक का छात्र था। >घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस पदाधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है तथा परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता झारखंड के हजारीबाग में रूई-गद्दा बनाने का काम करते हैं और फिलहाल बाहर हैं। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेजा गया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, और भी घटना में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment