बेगूसराय में जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने कहा फोन कर बुलाया फिर...

बेगूसराय: बेगूसराय में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बखरी थाना क्षेत्र में लौछे गांव के समीप स्थित बहियार की है। मृतक की पहचान लौछे गांव निवासी विपुल सिंह के 32 वर्षीय पुत्र रोबिन कुमार के रूप में की गई। अपराधियों ने मृतक।के सिर और सीने में गोली दागी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बखरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीते देर शाम गाय का दूध निकालने के बाद रॉबिन अपने घर पर था। मां ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया था, तभी किसी का फोन आया और खेत जुताई करने की बात की फिर रॉबिन घर से बाहर गया। वापस नहीं लौटने पर भाई और मां ने फोन करना शुरू किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। उसी समय से परिजन खोजबीन कर रहे थे और पुलिस को भी सूचना दी। खोजबीन के दौरान रात करीब 2:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पोठियारी बहियार में रॉबिन की लाश पड़ी हुई है। परिजन पहुंचे तो रॉबिन मरा पड़ा था। वहीं पास में उसका मोबाइल एवं एक चप्पल रखा हुआ था। परिजन तथा पुलिस ने नजदीक जाकर देखा तो उसके सिर एवं छाती में गोली लगी थी।

मृतक रोबिन कुमार मुंबई में रहकर ठेकेदारी करता था और 1 साल पहले गांव आया था। अप्रैल में उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पहले मार्च महीने में हार्ट अटैक से उद्योग विभाग में काम करने वाले पिता की मौत हो गई तो शादी टल गई उस दिन से रॉबिन घर पर ही रह रहा था। मृतक के भाई शोभित कुमार ने कहा कि एक बीघा जमीन को लेकर गांव के ही लोगों से उसका विवाद चल रहा है। उनलोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में मृतक के मां रानी देवी ने अपने गांव के नंदकिशोर शाह एवं अन्य 11 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। 

  

Related Articles

Post a comment