सुबह सुबह चोरी कर भाग रहे बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो मारी गोली, गंभीर हालत में PMCH रेफर

सारण: बिहार के सारण से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां शुक्रवार की अहले सुबह चोरी करने पहुंचे बदमाश ने घर के एक सदस्य को गोली मार दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना सारण के मांझी थाना क्षेत्र के माड़ीपुर कला गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव के एक घर में कुछ बदमाश चोरी की नियत से घुसे और एक बक्सा लेकर भाग रहे थे। इस दौरान घर के सदस्यों की नींद खुल गई और उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तभी बदमाशों ने गोली चला दी। गोली एक युवक को लगी है जिससे वह जख्मी हो गया। घायल युवक को आनन फानन में छपरा के अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे PMCH रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान नितेश कुमार के रूप में की गई।

घटना के संबंध में घायल युवक की मां लालपति देवी ने बताया कि परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। बड़ा बेटा और बहू छत पर सोए हुए थे, जबकि नितेश उनके साथ नीचे कमरे में था। इसी दौरान रात करीब 1:30 बजे घर के पीछे कुछ आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर नितेश घर से बाहर निकला तो देखा कि दो अपराधी घर से बक्सा लेकर भाग रहे हैं। उसने एक बदमाश को पकड़ लिया और चोरी का विरोध करने लगा। इसी दौरान अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बावजूद नितेश दोनों बदमाशों से भिड़ता रहा, लेकिन गंभीर रूप से घायल होकर घर के समीप गिर पड़ा।

परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद जब वे घर से बाहर निकले तो नितेश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे पटना पीएमसीएच भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ राजकुमार और मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment