CM आवास के समीप शराब की बोतलें मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप, राजनीतिक बयानबाजी भी हुई तेज
- by Manjesh Kumar
- 22-May-2026
- Views
पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी है और इसे सख्ती से लागू किए जाने को लेकर सरकार और पुलिस लगातार काम कर रही है। हालांकि शराबबंदी के बावजूद अवैध तरीके से शराब का कारोबार खूब चलता है। विधानसभा चुनाव के समय से ही विपक्ष शराबबंदी कानून को हटाने की मांग कर रहा है इस बीच अब सरकार की नाक के नीचे ही शराब का कारोबार और उसका सेवन किए जाने की बात सामने आ रही है। दरअसल राजधानी पटना का सबसे पॉश इलाका और सरकार के मुखिया सम्राट चौधरी के आवास से महज कुछ कदम की दूरी पर शराब की खाली बोतलें बरामद हुई है जिसके बाद प्रशासनसिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी मिल रही है कि शराब की बोतलें किसी महंगे ब्रांड की हैं जिसकी बाजार कीमत कम से कम 4 से 5 हजार रुपए आंकी जा रही है। सीएम आवास के आसपास शराब की खाली बोतलें पाए जाने की सूचना के बाद एक तरफ जहां राजनीतिक महकमे में हड़कंप मच गया वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारी भी भागे भागे पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां से बोतलों को हटाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बोतल वहां कैसे पहुंची।
वहीं घटना के बाद विपक्ष ने एक बार फिर बिहार की शराबबंदी नीति की प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि जब वीवीआईपी इलाकों और सरकारी परिसरों के आसपास शराब की बोतलें मिल रही हैं, तब राज्य में पूर्ण शराबबंदी के दावों पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। वहीं सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार में शराब पीना, बेचना, भंडारण करना और कारोबार करना कानूनन अपराध है और सरकार शराबबंदी को सख्ती से लागू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी मामलों में कार्रवाई और सजा के मामले में बिहार ने रिकॉर्ड स्तर पर काम किया है। वहीं दूसरी तरफ जदयू कोटे से मंत्री जमा खान ने भी मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है। जमा खान ने कहा कि कुछ लोग हैं जो इस तरह की गड़बड़ी कर रहे हैं। पूरे मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अभी हाल ही में सचिवालय परिसर में भी खाली शराब की बोतलें बरामद हुई थी।


Post a comment