दो बेटियों की मां होने पर प्रताड़ना का आरोप, विरोध करने पर भाई ने बल्ले से फोड़ा सिर
- by Manjesh Kumar
- 01-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे सरकारी अभियान के बीच शेखपुरा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां दो बेटियों की मां होने के कारण एक महिला को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगा है। घटना हथियामा थाना क्षेत्र के बिहटा गांव की है, जहां घरेलू विवाद के दौरान महिला पर उसके बड़े भाई ने बल्ले से हमला कर दिया। घायल महिला की पहचान बिहटा गांव निवासी रविता कुमारी के रूप में हुई है। उनका इलाज फिलहाल शेखपुरा सदर अस्पताल में चल रहा है। रविता ने बताया कि उसके पति बेंगलुरु में रहते हैं और वह अपनी मां के साथ गांव में रहती है। उसके अनुसार, उसकी भाभी अक्सर यह कहकर ताना देती थी कि उसके केवल दो बेटियां हैं, इसलिए उसका वंश आगे नहीं चलेगा। इसी बात को लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
रविता ने बताया कि शनिवार को पहले उसकी मां के साथ विवाद हो रहा था। वह बीच-बचाव और समझाने पहुंची तो उसका बड़ा भाई पिंटू कुमार बल्ला लेकर आया और उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से शिकायत किए जाने की तैयारी की जा रही है।


Post a comment