मधेपुरा में दिनदहाड़े किसान से लूट की कोशिश, रुपए नहीं देने पर पिस्तौल के बट से मार किया जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 15-May-2026
- Views
मधेपुरा: मधेपुरा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मुरलीगंज में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक किसान को हथियार के बल पर रोककर अपराधियों ने लूट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने किसान के चेहरे पर कट्टे के बट से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना सहरसा पूर्णिया एनएच-107 से काशीपुर बायपास होकर कुमारखंड चंडी स्थान जाने वाली सड़क के पास की है। बताया जा रहा है कि केवटगामा निवासी किसान उपेंद्र दास अपनी गाड़ी से अनाज तौलने वाले कांटा की मरम्मत कराने मुरलीगंज जा रहे थे तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और रास्ता रोक दिया।
पीड़ित किसान के मुताबिक दोनों बदमाशों ने देसी कट्टा दिखाकर पैसे की मांग की। जब उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही तो एक बदमाश ने कट्टे के बट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से किसान घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी कुमारखंड की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काशीपुर बायपास से गुजरने वाली सड़क लंबे समय से अपराधियों के निशाने पर है। यहां पुलिस गश्ती बेहद कम रहती है, जिसकी वजह से राहगीर खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।


Post a comment