पुलिस की मुखबिरी के शक में व्यक्ति की हत्या, घर में घुस कर अवैध शराब कारोबारियों ने मार दी गोली

मधुबनी: बिहार में लगातार कार्रवाइ के बावजूद अपराधियों का मनोबल कम नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्कर कानून को धता दिखाते हुए अवैध रूप से तस्करी तो कर ही रहे हैं आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से भी बाज नहीं आते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है मधुबनी से जहां मुखबिरी के शक में अवैध शराब कारोबारियों ने एक व्यक्ति के घर में घुस कर सोए अवस्था में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मधुबनी के बिस्फी तन क्षेत्र के सलेमपुर गांव की है।

बताया जा रहा है कि सोमवार की रात गांव के राम विनोद यादव उर्फ कारी यादव अपने घर में सोए हुए थे तभी गांव के ही कुछ शराब तस्करों ने उन्हें गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुन कर जब घर के सदस्य मौके पर पहुंचे तो हत्यारोपी मौके से भाग रहे थे। इधर परिजन आनन फानन में उन्हें लेकर डीएमसीएच जाने के लिए रवाना हो गए लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बीते 18 मई को पुलिस ने शराब कारोबारियों की गाड़ी पकड़ ली थी, जिसमें उन्हें आशंका थी कि मृतक ने ही पुलिस को सूचना दी थी और इसी वजह से उनकी हत्या की गई।

घटना की सूचना मिलती ही एसडीपीओ अमित कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, बिस्फी थाना पुलिस अपने दलबल के साथ पहुंचकर घटना की जांच की एवं पूछताछ के लिए तीन व्यक्ति को तत्काल हिरासत में ले लिया। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है, और छापेमारी की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment