वैश्विक मंच पर गूंजा पूर्णिया का नाम, नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ राम बरन यादव के हाथों सांसद पप्पू यादव को मिला यह अवॉर्ड
- by Manjesh Kumar
- 29-May-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके सामाजिक योगदान, मानवता की सेवा और शांति स्थापना के प्रयासों के लिए प्रतिष्ठित “पीस हीरो अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक भव्य समारोह में यह सम्मान उन्हें नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ राम बरन यादव के हाथों प्रदान किया गया। यह सम्मान ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन द्वारा विभिन्न देशों से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दिया गया। विशेष बात यह रही कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए भारत से सांसद पप्पू यादव एकमात्र व्यक्ति थे, जिन्हें इस वर्ष यह प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पप्पू यादव ने वर्षों से समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए लगातार कार्य किया है। प्राकृतिक आपदाओं, महामारी और अन्य संकटों के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका तथा मानवता के प्रति समर्पण ने उन्हें देश और विदेश में अलग पहचान दिलाई है। ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन ने उनके सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और शांति के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि बिहार, सीमांचल और भारत के उन करोड़ों लोगों का सम्मान है, जिनके बीच रहकर उन्होंने सेवा और संघर्ष का रास्ता चुना है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और सहायता पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ राम बरन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
पप्पू यादव ने कहा कि सीमाओं से ऊपर उठकर शांति, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण एशिया के देशों के बीच सहयोग, संवाद और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देकर क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। समारोह में उनकी उपलब्धि पर भारत और नेपाल के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।


Post a comment