रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मिले सांसद पप्पू यादव, सीमांचल-कोसी के लिए वंदे भारत समेत नई ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन और वाशिंग पिट की रखीं कई बड़ी मांगें
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार से मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं के व्यापक विस्तार एवं आधुनिकीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे। सांसद ने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र की बड़ी आबादी आज भी पर्याप्त रेल सुविधाओं से वंचित है। यदि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाता है तो पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, अररिया, किशनगंज सहित पूरे क्षेत्र के करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से सहरसा–पूर्णिया कोर्ट–पूर्णिया–कटिहार होते हुए कोलकाता तक प्रतिदिन नई एक्सप्रेस रेल सेवा तथा वंदे भारत ट्रेन प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोलकाता पूर्वी भारत का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य केंद्र है, जहां सीमांचल और कोसी क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग यात्रा करते हैं।
वर्तमान रेल सेवाएं यात्रियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त नहीं हैं, जिसके कारण लोगों को लंबी प्रतीक्षा सूची, भीड़ और भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से मक्का, मखाना, जूट, फल सहित क्षेत्र के कृषि उत्पादों के व्यापार को नई गति मिलेगी तथा पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने रेलवे से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे एवं पूर्वी रेलवे के अधिकारियों द्वारा संयुक्त व्यवहार्यता परीक्षण कर शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। बैठक में सांसद ने जानकीनगर रेलवे स्टेशन को लेकर भी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने जनहित एक्सप्रेस (13205/13206), कोसी एक्सप्रेस (18625/18626) सहित अन्य महत्वपूर्ण मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का जानकीनगर स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन ट्रेनों के बिना रुके गुजर जाने से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, मरीजों और व्यापारियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। सांसद ने जानकीनगर स्टेशन को "अमृत भारत स्टेशन योजना" में शामिल कर आधुनिक स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन सुविधाएं, पार्किंग, प्लेटफॉर्म उन्नयन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
सांसद पप्पू यादव ने पटना से सहरसा, मधेपुरा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन नई ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शाम चार बजे के बाद अगली सुबह तक इस मार्ग पर पटना से कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इससे हजारों यात्रियों को पटना में रात गुजारनी पड़ती है, जिससे आर्थिक बोझ और असुरक्षा दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतिदिन रात 11 बजे पटना से पूर्णिया कोर्ट के लिए नियमित ट्रेन शुरू की जाए, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष सांसद ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन एवं पूर्णिया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में औपचारिक रूप से शामिल कर शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति एवं टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि दोनों स्टेशन सीमांचल क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग, फुट ओवरब्रिज, एस्केलेटर, लिफ्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली और अन्य यात्री सुविधाएं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दोनों स्टेशनों का समग्र पुनर्विकास होने से सीमांचल क्षेत्र को आधुनिक रेल सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर लगभग 73.30 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित वाशिंग पिट एवं कोचिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि वाशिंग पिट के अभाव में पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। जबकि यह स्टेशन समस्तीपुर मंडल का अंतिम एवं सीमांचल का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। उन्होंने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से आग्रह किया कि प्लेटफॉर्म उन्नयन कार्य के साथ-साथ वाशिंग पिट निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी तत्काल शुरू कराई जाए, ताकि भविष्य में पूर्णिया कोर्ट से नई ट्रेनों का संचालन संभव हो सके। इससे पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार होगा। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है, लेकिन अब इस क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण रेल सुविधाएं दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे बोर्ड जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाएं, ट्रेनों का ठहराव, स्टेशन आधुनिकीकरण और वाशिंग पिट जैसी आधारभूत परियोजनाएं केवल रेल सुविधाओं का विस्तार नहीं होंगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, पर्यटन, कृषि और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। सांसद ने कहा कि वह सीमांचल और कोसी क्षेत्र की प्रत्येक जनहितकारी मांग को लगातार संसद और रेलवे मंत्रालय के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र को उसका उचित अधिकार मिल सके।


Post a comment