शिक्षकों के लिए जन सुराज पूरा करेगी तीन काम, मुजफ्फरपुर में पीके ने किया बड़ा ऐलान
- by Manjesh Kumar
- 25-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में आगामी MLC चुनाव को लेकर पार्टी की कैंपेन कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। पीके ने यह बैठक मिठनपुरा चौक स्थित 'बंधन बैंक्वेट हॉल' और माड़ीपुर में की। इस दौरान तिरहुत स्नातक निर्वाचन से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ विमोहन कुमार मौजूद रहे। पीके ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी के साथ चुनावी रणनीति और तैयारियों पर चर्चा की।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों के लिए 3 चीजें पूरी किया जाएगा। सभी श्रेणी के शिक्षकों को सम्मान और 7वां वेतनमान दिया जाएगा। वित्तरहित और वित्तपोषित संस्थानों से जुड़े शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और बचे हुए शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए एक मानक तय किया जाएगा, ताकि शिक्षक प्राथमिकता से शिक्षण का कार्य कर सकें। प्रशांत किशोर ने स्नातक मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर बदलाव के लिए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाता सबसे पढ़े-लिखे और प्रबुद्ध मतदाता हैं। यदि वे अपनी स्थिति में बदलाव चाहते हैं, तो इस बार नई व्यवस्था के लिए जन सुराज के उम्मीदवारों को मौका दें। उन्होंने कहा कि जिस स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज का उम्मीदवार जीतेगा, वहां बांकीपुर की तरह 10,000 पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी देने के वादे को लागू किया जाएगा।
मौके पर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, प्रदेश महामंत्री सुभाष कुशवाहा, तिरहुत स्नातक निर्वाचन से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ विमोहन कुमार, लोकसभा प्रभारी डॉ सुनील कुमार, क्षेत्रीय किसान प्रभारी डॉ दिलीप कुशवाहा, वैशाली जिला विचार मंच अध्यक्ष डॉ राकेश रंजन, मुजफ्फरपुर जिला कर्पूरी मंच महामंत्री लाल बाबू साहनी मौजूद रहे।
रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment