परीक्षाफल प्रकाशन में हुई गड़बड़ी के लिए नहीं हुई उचित कार्रवाई, पूर्व सीनेट सदस्य ने राज्यपाल से की बड़ी मांग
- by Manjesh Kumar
- 31-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: बीते दिनों पूर्णिया विश्वविद्यालय में परीक्षाफल में हुए गड़बड़ी मामले में 20 सूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व सीनेट सदस्य ने राज्यपाल सह कुलाधिपति को पत्र लिख कर उचित जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। पूर्णिया 20 सूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व सीनेट सदस्य राकेश कुमार ने राज्यपाल को पत्र लिख कहा है कि परीक्षा फल में गड़बड़ी मामले में विश्वविद्यालय ने सही से जांच किए बगैर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में तीन टैबलेटर को निलंबित कर दिया गया जबकि मुख्य परीक्षा नियंत्रक प्रो अजय कुमार पांडेय का स्थानांतरण किशनगंज के किसी कॉलेज में कर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की गई।
राकेश कुमार ने पत्र में कुलपति पर आरोप लगाया कि हुई गड़बड़ियों के लिए परीक्षा नियंत्रक पूरी तरह से जिम्मेवार हैं जबकि उनके विरुद्ध न तो सही से जांच की गई और न ही कोई कार्रवाई। तीन टैबलेटर को निलंबित करते हुए परीक्षा नियंत्रक का स्थानांतरण कर दिया गया। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि इस गड़बड़ी की वजह से परीक्षा फल समय पर प्रकाशित नहीं हुई जिसके कारण कई छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया। इस मामले में विश्वविद्यालय के कुलपति को सभी आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज करना चाहिए था जबकि आनन फानन में मामले की लीपापोती करने की कोशिश की गई। राकेश कुमार ने राज्यपाल से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।


Post a comment