पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर हमला, जवाबी कार्रवाई में एक की मौत, थानाध्यक्ष...

मुजफ्फरपुर: अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और हर छोटे बड़े मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। इसी कड़ी में मंगलवार बुधवार की मध्यरात्रि पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी जिसमें थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए वहीं आत्मरक्षार्थ पुलिस ने फायरिंग की जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मौके पर ग्रामीणों की तरफ से भी फायरिंग किए जाने की सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है। फिलहाल स्थिति नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात की गई है वहीं थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटना मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव की है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गायघाट थाना की पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान आरोपी भाग कर पड़ोसी के घर में छिप गया जिसके बाद पुलिस ने पड़ोसी के घर में दबिश दी। इसी बीच दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। पत्थरबाजी में गायघाट थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए वहीं पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों से खुद को घिरता देख थानाध्यक्ष ने फायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस पर फायरिंग की जिसके बाद किसी तरह जान बचा कर पुलिस टीम मौके से निकले।

पुलिस की फायरिंग में युवक की मौत के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जम कर हंगामा किया। लोगों ने थानाध्यक्ष पर जानबूझ कर युवक की हत्या का आरोप लगाया और कहा कि थानाध्यक्ष ने उसके सीने पर हथियार रख कर गिर गोली मारी जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की। मामले में बात करते हुए एसएसपी ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर पुलिस पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी, इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने फायरिंग की वहीं ग्रामीण की तरफ से भी पुलिस पर हमला किया गया। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन के लिए टीम गठित कर दी गई है और थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से कुंवर रूपेश की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment