राजद प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से की बात, की स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता पंजीयन तिथि बढ़ाने की मांग
- by Manjesh Kumar
- 09-Sep-2026
- Views
बिहार विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता पंजीयन की तिथि बढ़ाने और फर्जी मतदाताओं का नाम हटाने एवं विशेष पर्यवेक्षण नियुक्त करने की मांग
पटना: राष्ट्रीय जनता दल का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलकर तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता पंजीयन की तिथि बढ़ाने, फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाने और पंजीयन हेतु चुनाव आयोग के पोर्टल को अनलॉक करने की मांग की है। मुख्य चुनाव पदाधिकारी के अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, चित्तरंजन गगन, मदन शर्मा एवं फैयाज आलम कमाल शामिल थे। ज्ञापन में कहा गया है कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। सत्ताधारी दल के प्रभाव में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी द्वारा डुमरा प्रखंड में पदस्थापित रोहित चौधरी नामक कर्मी को सीतामढ़ी, जिलाधिकारी कार्यालय में स्नातक मतदाता पंजीयन हेतु प्रतिनियुक्त किया गया है, जिनके द्वारा एक दल विशेष को नजायज तरीके से मदद करने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं को पंजीकृत किया गया है। जबकि विरोधी दल के समर्थक स्नातक मतदाताओं का पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया जाता है।
मुजफ्फरपुर आयुक्त कार्यालय द्वारा मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 09 सितम्बर निर्धारित की गई थी। आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल के अवकाश में रहने के कारण 03 और 04 सितम्बर दो दिन तक मतदाता पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया गया। शनिवार 05 सितम्बर को जन्माष्टमी एवं दिनांक 06 सितम्बर को रविवार रहने के कारण मतदाता पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया गया। दिनांक 07 सितम्बर, 2026 को एक दल विशेष के संभावित उम्मीदवार द्वारा आयुक्त कार्यालय में हंगामा कर देने के कारण मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने का कार्य बंद कर दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए राष्ट्रीय जनता दल की मांग है कि फर्जी मतदाताओं की जांच कर मतदाता सूची से उनका नाम हटाया जाय, मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाते हुए आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल कार्यालय में प्रपत्र जमा करने के लिए काउंटर खुलवाया जाय साथ ही बंद हुए चुनाव आयोग के पोर्टल को पुनः चालू किया जाय।


Post a comment