DM ने सहयोग शिविर की तैयारी का किया निरीक्षण, कहा 'लोगों के लिए हो हर व्यवस्था'

पूर्णिया: 02 जून को आयोजित होने वाले पंचायतों में सहयोग शिविरों की तैयारियों का प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार ने सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस क्रम में पंचायत सरकार भवन, संझेली प्रखंड कसबा एवं पंचायत सरकार भवन, महतौर प्रखंड-डगरुआ का भ्रमण किया। पंचायत सरकार भवन, संझेली में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, कसबा को निर्देश दिया गया कि सभी विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि संबंधित रजिस्टर में सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों का विवरण विभागीय रजिस्टर में अंकित करते हुए सहयोग पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड किया जाए। सभी विभागों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समेकित विवरण केंद्रीयकृत रजिस्टर में संधारित करने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि पंचायत सहयोग शिविर में सभी विभागों के लिए पृथक-पृथक काउंटर की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं एवं आवेदनों के निष्पादन में सुविधा हो। साथ ही शिविर में आने वाले नागरिकों के लिए बैठने, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पंचायत सरकार भवन, महतौर प्रखंड-डगरुआ के निरीक्षण के दौरान भी पंचायत सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

  

Related Articles

Post a comment