अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, शेखपुरा पुलिस के सभी थानों में वायरलेस प्रशिक्षण अभियान शुरू
- by Manjesh Kumar
- 01-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर सभी थाना के पुलिसकर्मियों को वायरलेस (वॉकी-टॉकी) संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य किसी भी आपराधिक घटना की सूचना को तत्काल एक थाना से दूसरे थाना तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। बेदन्तु प्रभारी एएसआई भरत कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को वायरलेस सेट के सही उपयोग, संदेश प्रसारण की प्रक्रिया और आपात स्थिति में समन्वय स्थापित करने की जानकारी दी जा रही है। अब तक जिले के अधिकांश थानों में प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि शनिवार को यातायात थाना के पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया।
आगामी दिनों में बरबीघा अनुमंडल के चार थानों के साथ महिला थाना और एससी-एसटी थाना में भी यह प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।यातायात थानाध्यक्ष सदाशिव शाहा ने बताया कि पहले किसी अपराधी के भागने की सूचना फोन के माध्यम से दी जाती थी, जिससे समय लगता था। अब वायरलेस प्रणाली के जरिए सभी थानों को तत्काल सूचना उपलब्ध होगी, जिससे अपराधियों की घेराबंदी और गिरफ्तारी में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी थाना वाहनों में भी वायरलेस सेट लगाए जाएंगे, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और समन्वय पहले से अधिक मजबूत होगा।


Post a comment