मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला का शुभारंभ, कांवरियों की सुविधा को लेकर मोबाइल

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ रविवार को डीएन हाई स्कूल परिसर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री-सह-जिला प्रभारी मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के प्रारंभ में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी अतिथियों एवं देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे श्रद्धालु भक्तों का हार्दिक स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने श्रावणी मेला के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित मेला अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रकाशित "शिवम् सुंदरम" पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही "श्रावणी मेला–2026" मोबाइल एप का शुभारंभ भी किया गया। यह एप श्रद्धालुओं को मेला से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां, जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाएं, महत्वपूर्ण संपर्क, मार्गदर्शन एवं अन्य उपयोगी सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। समारोह को संबोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद तथा पर्यटन विभाग के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सावन माह की पावन बेला पर प्रदेशवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यापक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में मंत्री-सह-जिला प्रभारी मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक जीवन का मार्ग है। उन्होंने लोगों से मन के विकारों को त्यागने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा भेदभाव, घृणा और वैमनस्य से ऊपर उठकर सर्वधर्म समभाव एवं सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह के दौरान उपस्थित सभी वक्ताओं ने सावन माह की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बाबा भोलेनाथ की कृपा समस्त श्रद्धालुओं पर बनी रहने की कामना की तथा श्रावणी मेला के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

उद्घाटन समारोह में विधायक रंजन कुमार, राजू कुमार सिंह, अजय कुमार, अजीत कुमार, विधायक बेबी कुमारी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, महापौर निर्मला देवी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया. उद्घाटन समारोह के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ पर आधारित भक्ति गीतों, संगीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने श्रावणी मेला–2026 के शुभारंभ को अविस्मरणीय बना दिया।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment