पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ भयमुक्त माहौल में संपन्न करायें चुनाव: डीएम

पटना:  मतदान कार्य से जुड़े सभी कर्मी एवं पदाधिकारी पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से अपनी-अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। बांकीपुर बालिका उच्च विद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर पर मतदान अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुये जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि रात्रि में अपने बूथों पर ही रहें, वहाँ सभी आवश्यक सुविधा की व्यवस्था कर दी गई है। मतदान समय पर शुरू हो जाए इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए. जिलाधिकारी ने मतदान पदाधिकारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट जोड़ते समय पूरी सावधानी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मॉकपोल समय पर किया जाये। सेक्टर दंडाधिकारियों को पूरी सजगता एवं तत्परता से विधि-व्यवस्था एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को कहा गया।

बांकीपुर विधान सभा उप चुनाव के अवसर पर 16 जोनल दंडाधिकारी एवं 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। वाहन चेक पोस्ट, सीमा सील, नाकेबंदी, नदी गश्ती, अश्वरोही गश्ती तथा जिला के प्रमुख स्थलों पर ड्रॉप गेट के माध्यम से सघन जाँच की व्यवस्था भी की गई है। प्रतिनियुक्त सभी 42 सेक्टर दंडाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी से खास तौर से कहा गया है कि वे मतदान के दिन गतिशील रहकर अपने क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखें एवं भयमुक्त एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करावें।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने केन्द्रीय बलों के पदाधिकारियों एवं जिला पुलिस बलों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर लगने वाली वोटरों की लाईन को सुव्यवस्थित रखें। यह ध्यान रखने को कहा गया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। साथ ही अवांछित तत्वों पर कड़ी नजर रखें। इस अवसर पर पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल, उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, निर्वाची पदाधिकारी राघवेन्द्र प्रताव सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विपिन कुमार समेत मतदान दल के सभी पदाधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, केन्द्रीय बलों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment