भांजा ही निकला मामा का हत्यारा, पूर्णिया में चाउमीन दुकानदार हत्याकांड में दो गिरफ्तार

पूर्णिया: पुलिस ने मरंगा स्थित चर्चित चाऊमीन दुकानदार चंदन जायसवाल हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गौरतलब है कि 31 अगस्त को हथियार से लैस बदमाशों ने मरंगा थाना क्षेत्र के होंडा शोरूम के पास चंदन जायसवाल पर छः गोली चलाकर मौत की नींद सुला दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई थी। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने मरंगा थाना में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। अनुसंधान में डीआईयू टीम और मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार की टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज और लगातार छापेमारी के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। एसडीपीओ ने कहा कि मृतक चंदन का भांजा ही इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला। पुलिस ने बेगूसराय से दो आरोपियों को हथियार के साथ दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के पुरैनी बाजार निवासी विनोद भगत के पुत्र विशाल कुमार उर्फ रोशन तथा बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के चकिया वार्ड संख्या-34 निवासी अजय राय के पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एम एम का 17 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, नगद राशि तथा मृतक का बाइक बरामद किया गया है। पुलिसिया पूछताछ में दोनों बदमाशों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

  

Related Articles

Post a comment